मानुष जन्म अनमोल रे, इसे माटी में मत घोल रे- ममता सक्सेना चित्रांश

Share this post

  *देवभूमि न्यूज 24*

दोहा:मानुष जन्म अनमोल रे, इसे माटी में मत घोल। हीरा जन्म मिला है तुझे, इसे कंकड़ में मत तोल॥

मानव जीवन ईश्वर की ओर से मिला एक अनमोल उपहार है। संसार में 84 लाख योनियों में भटकने के बाद मनुष्य जन्म प्राप्त होने की मान्यता हमारी धार्मिक और आध्यात्मिक परंपराओं में विशेष महत्व रखती है। यह जीवन बार-बार नहीं मिलता। मनुष्य को ही विवेक, बुद्धि, करुणा और कर्म करने की स्वतंत्रता प्राप्त है। यही गुण उसे अन्य जीवों से अलग बनाते हैं। मनुष्य अपने अच्छे-बुरे कर्मों को समझकर अपने जीवन की दिशा निर्धारित कर सकता है और अपने भाग्य का निर्माण कर सकता है।

लेकिन आज विडंबना यह है कि अनेक लोग अपने इस अनमोल जीवन को नशे, क्रोध, लोभ, मोह, आलस्य और बुरी संगति में बर्बाद कर रहे हैं। जिस जीवन को अच्छे कर्मों और सकारात्मक सोच से हीरे की तरह चमकाया जा सकता है, उसे लोग अपनी गलत आदतों के कारण मिट्टी में मिला रहे हैं।

नशा शरीर को खोखला कर देता है, क्रोध रिश्तों में दरार पैदा करता है और लोभ मनुष्य को कभी संतुष्ट नहीं होने देता। वहीं बुरी संगति इंसान को उसके लक्ष्य से भटका देती है। हमें समझना होगा कि जीवन का प्रत्येक क्षण अनमोल है। बीता हुआ समय कभी लौटकर नहीं आता। जो व्यक्ति समय का सम्मान नहीं करता, उसे एक दिन पछतावे के सिवाय कुछ हासिल नहीं होता।

हमें यह भी याद रखना चाहिए कि हम अपने माता-पिता की उम्मीद हैं, परिवार का सहारा हैं, समाज की शक्ति हैं और देश का भविष्य हैं। हमारी पहचान केवल धन-दौलत, पद और प्रतिष्ठा से नहीं होती, बल्कि हमारे संस्कारों, व्यवहार और अच्छे कर्मों से होती है। धन-संपत्ति एक दिन समाप्त हो सकती है, लेकिन अच्छे कर्मों से कमाया गया सम्मान और अच्छा नाम पीढ़ियों तक याद रखा जाता है।

किसी जरूरतमंद की सहायता करना, माता-पिता का सम्मान करना, बड़ों का आदर और छोटों से स्नेह करना, सच बोलना तथा समाज के हित में काम करना ही मानव जीवन की वास्तविक सार्थकता है।

अच्छे कर्म कर बंदे, नाम अमर कर ले बंदे, अब जो मिला है जन्म तुझे, फिर न मिलेगा कभी, कभी नहीं, कभी नहीं, कभी नहीं॥

इसलिए आइए, हम संकल्प लें कि अपने अनमोल जीवन को नशे और बुराइयों से दूर रखेंगे। सकारात्मक सोच अपनाएंगे, मेहनत करेंगे, शिक्षा और संस्कारों को महत्व देंगे तथा जरूरतमंदों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।

ईश्वर ने हमें मनुष्य के रूप में जन्म देकर एक अनमोल अवसर दिया है। इसे व्यर्थ गंवाने के बजाय प्रेम, सेवा, सद्भावना और सत्कर्मों से सजाएं। क्योंकि जीवन की असली सफलता लंबी उम्र जीने में नहीं, बल्कि ऐसा जीवन जीने में है, जिसे दुनिया हमेशा अच्छे शब्दों में याद रखे।

मानुष जन्म अनमोल रे, इसे माटी में मत घोल रे। हीरा जन्म मिला है तुझे, इसे कंकड़ में मत तोल रे॥

✍️ ममता सक्सेना चित्रांश कोसीकलां, मथुरा (उत्तर प्रदेश)

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579