फिल्मों, टीवी सीरियल और वेब सीरीज में बना रहे अलग पहचान
अक्षय कुमार की फिल्म ‘टॉक्सिक’ सहित कई बड़े प्रोजेक्ट्स में कर चुके हैं काम,सोलन में हुई शिक्षा
यशपाल कपूर,ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24 सोलन
देवभूमि हिमाचल की प्रतिभाएं आज देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रही हैं। प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों से निकलकर युवा विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। इसी कड़ी में शिमला जिला के कुपवी क्षेत्र के लोहानधार निवासी जेडी शर्मा अभिनय और मॉडलिंग की दुनिया में अपनी पहचान स्थापित कर रहे हैं। वर्तमान में मुंबई में रहकर अभिनय के क्षेत्र में सक्रिय जेडी शर्मा फिल्मों, टेलीविजन धारावाहिकों, वेब सीरीज और विज्ञापनों में काम कर चुके हैं।

कुपवी के लोहानधार निवासी जेडी शर्मा की स्कूली शिक्षा सोलन में हुई। अभिनय के प्रति रुचि और मनोरंजन जगत में आगे बढऩे के सपने को लेकर उन्होंने वर्ष-2022 में माया नगरी मुंबई का रुख किया।मुंबई में पहुंचकर उन्होंने अभिनय को अपना पेशा बनाया और लगातार मेहनत के साथ इस क्षेत्र में अवसर हासिल किए।
कई फिल्मों में कर चुके हैं काम…..
जेडी शर्मा अब तक कई फिल्मों में काम कर चुके हैं। उनकी फिल्मोग्राफी में ‘टॉक्सिक’, ‘केसरी वीर’, ‘हैलो मम्मी’ और ‘हरि हर वीरा मल्लू’ जैसी फिल्में शामिल हैं। इन प्रोजेक्ट्स के माध्यम से उन्हें फिल्म जगत में काम करने का अवसर मिला है। फिल्मों के साथ-साथ वह टेलीविजन और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी सक्रिय हैं।

लोकप्रिय टीवी धारावाहिकों में निभा चुके हैं भूमिकाएं….
टेलीविजन की दुनिया में भी जेडी शर्मा ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई है। वह ‘शैतानी रस्में’, ‘शिव शक्ति’, ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’, ‘अनुपमा’, ‘मंगल लक्ष्मी’ और ‘झनक’ जैसे धारावाहिकों में काम कर चुके हैं। इसके अलावा उनका शो ‘सांचे दरबार की जय’ दंगल टीवी पर प्रसारित हो रहा है। इस शो को लेकर भी उनसे उम्मीदें जुड़ी हैं।
वेब सीरीज और विज्ञापनों में भी सक्रिय…..
जेडी शर्मा ने विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 10 से अधिक वेब सीरीज में काम किया है। इसके अतिरिक्त वह 10 से अधिक टेलीविजन कमर्शियल और विज्ञापनों में काम चुके हैं। इस तरह फिल्मों और टीवी धारावाहिकों के साथ डिजिटल मनोरंजन जगत में भी उन्होंने अपने काम का दायरा बढ़ाया है।
थिएटर और अभिनय प्रशिक्षण से निखारी प्रतिभा…
अभिनय के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए जेडी शर्मा ने एक वर्ष तक थिएटर का अनुभव हासिल किया है। इसके अलावा उन्होंने प्रोफेशनल एक्टिंग वर्कशॉप में भी प्रशिक्षण लिया है। उन्हें फिल्मों, टेलीविजन धारावाहिकों, वेब सीरीज और विज्ञापनों में अलग-अलग तरह की भूमिकाएं निभाने का अनुभव है। वह लीड रोल, नेगेटिव रोल और कैरेक्टर रोल में अपनी अभिनय क्षमता दिखा चुके हैं।
पीडब्ल्यूडी कर्मचारी के बेटे हैं जेडी शर्मा…..
जेडी शर्मा का संबंध एक सामान्य परिवार से है। उनके पिता लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में कार्यरत हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। परिवार में उनका एक भाई और एक बहन हैं। परिवार का सहयोग और स्वयं की मेहनत उनके अभिनय सफर का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है।
शिमला जिला के छोटे से गांव लोहानधार से मुंबई तक का उनका सफर उन युवाओं के लिए प्रेरणादायक है, जो मनोरंजन जगत में अपना करियर बनाना चाहते हैं। जेडी शर्मा का अभिनय के प्रति समर्पण और विभिन्न माध्यमों में काम करने का अनुभव यह दर्शाता है कि प्रतिभा और निरंतर प्रयास के दम पर छोटे क्षेत्रों से निकलकर भी बड़े मंच तक पहुंचा जा सकता है।
देवभूमि न्यूज 24
देश दुनिया, गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए
समाचार, विज्ञापन भेजे:9816216579








