राजकीय महाविद्यालय रोनहाट 35 भूमि-दाता परिवारों को करेगा सम्मानित

Share this post

जनजातीय गौरव दिवस पर जिला स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता के दौरान होगा सम्मान समारोह, परिवारजनों को भी किया आमंत्रित

देवभूमि न्यूज 24 | शिलाई, सिरमौर।

राजकीय महाविद्यालय रोनहाट में जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली जिला स्तरीय अंतर-महाविद्यालय वाद-विवाद प्रतियोगिता के अवसर पर महाविद्यालय के लिए अपनी पुश्तैनी भूमि दान करने वाले 35 परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। इन परिवारों ने शिक्षा के प्रसार और क्षेत्र के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी बहुमूल्य भूमि समर्पित कर अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। दान में मिली इस भूमि पर प्रदेश सरकार द्वारा महाविद्यालय भवन एवं खेल मैदान का निर्माण करवाया जा रहा है।

महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. नलिन रमौल ने कहा कि पुश्तैनी भूमि से परिवारों की कई पीढ़ियों का परिश्रम, भावनाएं और स्मृतियां जुड़ी होती हैं। ऐसी भूमि को शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक उद्देश्य के लिए समर्पित करना असाधारण त्याग, उदारता और समाज के प्रति जिम्मेदारी का परिचायक है। उन्होंने कहा कि हाटी समाज में सामूहिक सहयोग और सामाजिक सरोकारों की समृद्ध परंपरा रही है। भूमि-दाता परिवारों ने इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए शिक्षा के क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि इस भूमि पर विकसित होने वाला महाविद्यालय परिसर आने वाली पीढ़ियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर प्रदान करेगा और इन परिवारों का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

समारोह की संयोजक एवं राजनीति विज्ञान की सहायक आचार्य सुश्री मंजना शर्मा ने बताया कि भूमि-दाता परिवारों का सम्मान समारोह प्रातः 11 बजे उद्घाटन सत्र के दौरान आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर सभी 35 परिवारों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी भूमि-दाता परिवारों से अपने परिजनों सहित समारोह में शामिल होने का आग्रह किया है। यदि कोई भूमि-दाता स्वयं उपस्थित नहीं हो पाता है तो उनके परिवार का कोई सदस्य उनकी ओर से सम्मान ग्रहण कर सकता है। परिवार के एक से अधिक सदस्य भी संयुक्त रूप से सम्मान प्राप्त कर सकते हैं।

आयोजन समिति में वाणिज्य विषय की सहायक आचार्य सुश्री बंदना अत्री एवं कनिष्ठ कार्यालय सहायक श्री अनिल कुमार भी समारोह की तैयारियों में सहयोग कर रहे हैं।

महाविद्यालय के अभिभावक-शिक्षक संघ (पीटीए) ने भी भूमि-दाता परिवारों के प्रति आभार व्यक्त किया है। संघ ने कहा कि इन परिवारों का योगदान क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपने घर के नजदीक उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उल्लेखनीय है कि जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय अंतर-महाविद्यालय वाद-विवाद प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का विषय है— आधुनिकता की दौड़ में आज का युवा हाटी जनजातीय लोक-संस्कृति और अपनी विरासत से दूर होता जा रहा है।”* इसमें जिला सिरमौर के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थी भाग लेकर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579