विद्यार्थियों, कर्मचारियों, मरीजों और ग्रामीणों को हो रही परेशानी, न्यूली से शैंशर तक बस सेवा विस्तार की उठी मांग
देवभूमि न्यूज 24
कुल्लू। सैंज घाटी के शैंशर क्षेत्र की जनता लंबे समय से नियमित हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) बस सेवा की राह देख रही है। क्षेत्र के ग्रामीणों का कहना है कि पर्याप्त परिवहन सुविधा उपलब्ध न होने के कारण विद्यार्थियों, कर्मचारियों, मरीजों और आम लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर शैंशर क्षेत्र को नियमित HRTC बस सुविधा कब मिलेगी? क्या इस क्षेत्र के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा?
12 नवंबर 2026 को भी ग्रामीणों ने न्यूली से शैंशर तक HRTC बस सेवा के विस्तार की मांग प्रमुखता से उठाई थी। इस पर निगम प्रबंधन की ओर से मांग को सरकार के ध्यान में लाने की बात कही गई है। हालांकि, ग्रामीणों को अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर बस सेवा शुरू होने का इंतजार है।
ग्रामीणों ने HRTC मंत्री से आग्रह किया है कि शैंशर क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और लोगों की दैनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए न्यूली से शैंशर तक नियमित बस सेवा शुरू करने के लिए जल्द उचित कदम उठाए जाएं।
लोगों का कहना है कि परिवहन सुविधा किसी भी क्षेत्र के विकास की बुनियादी जरूरत है। विशेषकर विद्यार्थियों, बीमार लोगों और नौकरीपेशा वर्ग के लिए नियमित बस सेवा बेहद जरूरी है। ऐसे में सरकार और परिवहन निगम को इस मांग पर गंभीरता से विचार कर जल्द निर्णय लेना चाहिए।
अब शैंशर की जनता HRTC मंत्री से यही सवाल पूछ रही है कि आखिर कब तक इंतजार करना पड़ेगा और कब उनके क्षेत्र तक सरकारी बस पहुंचेगी?
देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579








