बड़वास में चूना पत्थर की नीलामी पर उठे सवाल, 7650 मीट्रिक टन खनिज का आकलन चर्चा में

Share this post

NH-707 पर हुए भूस्खलन से गिरे चूना पत्थर की नीलामी प्रक्रिया पर खनन विभाग की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में, 20 लाख रुपये की रॉयल्टी निर्धारित करने पर भी उठे सवाल

देवभूमि न्यूज 24

सिरमौर। बड़वास-चौकी मड़ग्वाल सड़क मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग-707 (NH-707) के बड़वास ओ-प्वाइंट के समीप भूस्खलन से गिरे चूना पत्थर की नीलामी प्रक्रिया इन दिनों क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। खनन विभाग की ओर से जारी नीलामी प्रक्रिया में खनिज की मात्रा और निर्धारित रॉयल्टी को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ महीने पहले बड़वास ओ-प्वाइंट के समीप पहाड़ का एक हिस्सा भूस्खलन के कारण टूटकर NH-707 पर आ गिरा था। इस मलबे में सामान्य पत्थरों के साथ काफी मूल्यवान खनिज चूना पत्थर भी शामिल बताया जा रहा है, जो खनन विभाग के अधिकार क्षेत्र में आता है। अब विभाग ने इस चूना पत्थर को उठाने और बिक्री के लिए नीलामी प्रक्रिया शुरू की है।

बताया जा रहा है कि खनन विभाग ने मौके पर 7650 मीट्रिक टन चूना पत्थर होने का आकलन करते हुए 17 नवंबर को कमरऊ तहसील में नीलामी प्रक्रिया के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इसके लिए करीब 20 लाख रुपये की रॉयल्टी निर्धारित की गई है। निर्धारित शर्तों के अनुसार, सफल बोलीदाता को 25 प्रतिशत रॉयल्टी उसी दिन जमा करवानी होगी, जबकि शेष 75 प्रतिशत राशि एक महीने के भीतर जमा करवाना अनिवार्य होगा।

हालांकि, नीलामी की निर्धारित मात्रा को लेकर क्षेत्र में सवाल उठ रहे हैं। खनन कारोबार से जुड़े कुछ लोगों के अनुमान के अनुसार, मौके पर लगभग 500 से 700 मीट्रिक टन चूना पत्थर ही उपलब्ध है। ऐसे में सवाल उठाया जा रहा है कि विभाग ने किस आधार पर 7650 मीट्रिक टन खनिज का आकलन किया और इतनी बड़ी मात्रा के हिसाब से 20 लाख रुपये की रॉयल्टी कैसे निर्धारित की गई?

यदि मौके पर उपलब्ध खनिज की मात्रा अनुमान से काफी कम है तो नीलामी में भाग लेने वाले व्यक्ति के लिए निर्धारित रॉयल्टी की भरपाई करना भी मुश्किल हो सकता है। ऐसे में यह जानना जरूरी हो जाता है कि विभाग ने खनिज की मात्रा का निर्धारण किस तकनीकी सर्वेक्षण, मापदंड या वैज्ञानिक आकलन के आधार पर किया है।

वहीं, इस पूरे मामले को लेकर एक दूसरा पहलू भी चर्चा में है। क्षेत्र के कुछ लोगों का आशंका है कि भूस्खलन से गिरे चूना पत्थर की नीलामी की आड़ में आसपास स्थित चूना पत्थर के पहाड़ में अवैध खनन को बढ़ावा मिलने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई ठोस प्रमाण सामने नहीं आया है।

खनन विभाग से उठ रहे प्रमुख सवाल

  • मौके पर 7650 मीट्रिक टन चूना पत्थर होने का आकलन किस आधार पर किया गया?
  • क्या खनिज की मात्रा का तकनीकी सर्वेक्षण और भौतिक सत्यापन करवाया गया है?
  • यदि मौके पर केवल 500 से 700 मीट्रिक टन खनिज उपलब्ध है तो 20 लाख रुपये की रॉयल्टी का आधार क्या है?
  • नीलामी की शर्तों में उपलब्ध खनिज की वास्तविक मात्रा सुनिश्चित करने का क्या प्रावधान है?
  • क्या नीलामी के बाद खनन क्षेत्र और आसपास के पहाड़ों से अवैध खनन रोकने के लिए निगरानी व्यवस्था रहेगी?

अब क्षेत्रवासियों की मांग है कि खनन विभाग नीलामी प्रक्रिया से पहले मौके पर उपलब्ध चूना पत्थर की वास्तविक मात्रा का पारदर्शी तरीके से सत्यापन करवाए और पूरे आकलन की जानकारी सार्वजनिक करे, ताकि नीलामी को लेकर किसी प्रकार का संदेह न रहे।

फिलहाल बड़वास में चूना पत्थर की इस नीलामी को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। अब देखना होगा कि खनन विभाग इन सवालों पर क्या स्पष्टीकरण देता है और नीलामी प्रक्रिया कितनी पारदर्शिता के साथ पूरी होती है।

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579