उद्योग मंत्री एवं शिलाई के विधायक ठाकुर हर्षवर्धन चौहान से सड़क चौड़ीकरण और खतरनाक चढ़ाइयों की कटिंग करवाने की उठाई मांग
*देवभूमि न्यूज 24*
शिलाई:शिलाई उपमंडल की टिम्बी-मिल्लाह सड़क पिछले कई दशकों से क्षेत्रवासियों के लिए परेशानी और चिंता का कारण बनी हुई है। नब्बे के दशक में निर्मित यह सड़क जिला सिरमौर के उन मार्गों में शामिल है, जहां लगातार सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। पांच पंचायतों की हजारों आबादी की जीवनरेखा मानी जाने वाली इस सड़क की बदहाल स्थिति अब लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बन गई है।
कोटि-उत्तरोऊ, मिल्लाह, बिंडला-दिगवा, बकरास और क्यारी-गुंडाह पंचायतों के हजारों लोगों का रोजमर्रा का जीवन इसी सड़क पर निर्भर है। बच्चों की पढ़ाई से लेकर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और ग्रामीणों के आवागमन तक के लिए यह मार्ग बेहद महत्वपूर्ण है। इसके बावजूद दशकों बाद भी सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर अब तक निजी बसों, ट्रकों और कई छोटी गाड़ियों के दुर्घटनाग्रस्त होने से अनेक परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है। किसी ने जवान भाई, किसी ने माता-पिता, किसी ने बेटा-बेटी तो किसी ने बहन और अन्य रिश्तेदारों को सड़क हादसों में गंवाया है। इन हादसों का दर्द प्रभावित परिवारों के लिए जीवनभर का दुख बन गया है।
हाल ही में इस मार्ग पर एक ट्रक खड़ी चढ़ाई के कारण अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते खतरे को भांप लिया और वाहन से छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली। इस घटना ने एक बार फिर सड़क की खतरनाक स्थिति को उजागर कर दिया है।
खड़ी चढ़ाई और संकरे मोड़ बने दुर्घटनाओं का बड़ा कारण
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क हादसों के लिए कभी वाहन की तकनीकी खराबी तो कभी चालक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया जाता है, लेकिन इस मार्ग की वास्तविक समस्या इसकी भौगोलिक बनावट और वर्षों से लंबित सुधार कार्य हैं। सड़क पर दो से तीन ऐसे स्थान हैं, जहां चढ़ाई बेहद खड़ी है और मोड़ इतने संकरे हैं कि बसों तथा भारी वाहनों को गुजरने में काफी परेशानी होती है। ऐसे स्थानों पर हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
लोगों ने कहा कि यह समस्या क्षेत्र के दोनों राजनीतिक दलों के सक्रिय नेताओं और जनप्रतिनिधियों के लिए भी आत्मचिंतन का विषय होनी चाहिए। जनहित से जुड़ी इतनी गंभीर समस्या का स्थायी समाधान करवाना सभी जनप्रतिनिधियों की नैतिक जिम्मेदारी है। सड़क सुरक्षा जैसे मुद्दे पर राजनीति और व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता है।
मंत्री ठाकुर हर्षवर्धन चौहान से लगाई गुहार
क्षेत्र के स्थानीय निवासियों ने शिलाई के विधायक एवं प्रदेश सरकार में उद्योग और संसदीय कार्य मंत्री ठाकुर हर्षवर्धन चौहान से हाथ जोड़कर विनम्र आग्रह किया है कि टिम्बी से मिल्लाह सड़क मार्ग का प्राथमिकता के आधार पर चौड़ीकरण करवाया जाए। साथ ही, जिन दो-तीन स्थानों पर अत्यधिक खड़ी चढ़ाई और खतरनाक मोड़ हैं, वहां लोक निर्माण विभाग के माध्यम से जल्द से जल्द कटिंग करवाने की अनुशंसा की जाए, ताकि बसों और भारी वाहनों की आवाजाही सुरक्षित हो सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कैबिनेट मंत्री के स्तर पर इस गंभीर समस्या का समाधान करवाने के लिए ठोस पहल की जा सकती है। मंत्री स्वयं भी क्षेत्र की परिस्थितियों और इस सड़क की समस्या से भली-भांति परिचित हैं। लोगों को उम्मीद है कि वह इस मांग को गंभीरता से लेते हुए सड़क के स्थायी सुधार की दिशा में आवश्यक कदम उठाएंगे।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि सड़क का समय रहते सुधार नहीं हुआ तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा किसी और परिवार की खुशियां छीन सकता है। इसलिए अब आश्वासनों के बजाय धरातल पर काम शुरू होना चाहिए।
इस जनहित मांग को लेकर अरुण राणा, कुलदीप शर्मा, कपिल सिंह, नीरज कुमार, मुकेश शर्मा, राहुल चौहान, राहुल राणा, अजय चौहान, विनीत कुमार, रघुबीर राणा, कंवर राणा, प्रेम सिंह, संतोष कुमारी, नीता देवी, रवीना शर्मा, आशुतोष शर्मा, जय ठाकुर, मीरा कुमारी, जितेंद्र ठाकुर, गोविंद राणा, मीरा शर्मा, आदेश शर्मा और पुनीत ठाकुर सहित अन्य स्थानीय लोगों ने मंत्री से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्रवासियों ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि भविष्य में इस सड़क पर कोई दुर्घटना न हो और किसी भी परिवार को अपनों को खोने का दर्द न सहना पड़े।
हेमराज राणा स्वतंत्र पत्रकार








