हिमाचल विधानसभा में दो वरिष्ठ नेताओं को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, शोक प्रस्ताव पारित

Share this post

आईटीबीपी कमांडो से चार बार विधायक बने नंदलाल, मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने पांच बार किया शाहपुर का प्रतिनिधित्व

 *देवभूमि न्यूज 24*

धर्मशाला/शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही गमगीन माहौल में शुरू हुई। इस दौरान वर्तमान विधायक एवं रामपुर के पूर्व विधायक नंदलाल तथा प्रदेश के पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दोनों दिवंगत नेताओं के सम्मान में शोक प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसका नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सहित सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने समर्थन किया।

आईटीबीपी कमांडो से चार बार विधायक बनने तक का सफर

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शोक प्रस्ताव रखते हुए कहा कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व मुख्य संसदीय सचिव नंदलाल का 3 नवंबर 2026 को 72 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनका जन्म 16 अप्रैल 1954 को शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र के देवठी गांव में हुआ था। ग्रामीण परिवेश में शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने आईटीबीपी अकादमी से प्रशिक्षण लेकर कमांडो दल में देश की सेवा की।

वर्ष 2007 में केंद्रीय सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद उन्होंने राजनीति में प्रवेश किया और रामपुर से पहली बार विधायक चुने गए। इसके बाद वर्ष 2012, 2017 और 2022 में लगातार जीत दर्ज कर विधानसभा पहुंचे। उन्होंने मई 2013 से दिसंबर 2017 तक मुख्य संसदीय सचिव के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं।

स्वोर्ड ऑफ ऑनर विजेता और पांच बार विधायक रहे मेजर मनकोटिया

मुख्यमंत्री ने पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया के निधन पर भी गहरा दुख व्यक्त किया। उनका 29 सितंबर 2026 को 87 वर्ष की आयु में निधन हुआ था। 23 नवंबर 1939 को कांगड़ा जिले में जन्मे मेजर मनकोटिया का चयन वर्ष 1960 में भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए), देहरादून के लिए हुआ था। वर्ष 1962 में विशेष योग्यता के लिए उन्हें प्रतिष्ठित ‘स्वोर्ड ऑफ ऑनर’ और स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ तथा वे भारतीय सेना में नियुक्त हुए।

वर्ष 1976 में सेना से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा। वे शाहपुर विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 1982, 1985, 1990, 1993 और 2003 में पांच बार विधायक निर्वाचित हुए। प्रदेश सरकार में उन्होंने वर्ष 1995 से 1998 तक तथा मार्च 2003 से जुलाई 2004 तक पर्यटन, नागरिक उड्डयन एवं विधि मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।

दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनहित में देते थे सुझाव : जयराम ठाकुर

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शोक प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि सदन ने अपने दो वरिष्ठ साथियों को खो दिया है। दोनों नेता राजनीतिक मतभेदों और दलगत तल्खी से ऊपर उठकर एक जनप्रतिनिधि के रूप में सदन में सटीक एवं रचनात्मक सुझाव रखते थे। उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा।

राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि दोनों नेताओं ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के बाद राजनीति में प्रवेश किया और अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने दोनों नेताओं को ‘पक्का फाइटर’ बताते हुए कहा कि देश की सेवा के बाद उन्होंने हिमाचल प्रदेश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

मनकोटिया के विकास रोडमैप को आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि : पठानिया

शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए एक ठोस रोडमैप तैयार किया था। उस विकास दृष्टिकोण को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इसके अलावा विधायक विपिन सिंह परमार, मोहन लाल ब्राक्टा और डॉ. हंसराज ने भी शोक प्रस्ताव पर अपने विचार रखे। उन्होंने दोनों दिवंगत नेताओं से जुड़े संस्मरण साझा करते हुए उनके राजनीतिक, सामाजिक और सार्वजनिक जीवन में दिए गए योगदान को याद किया तथा भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579