“1500 नहीं, 72 हजार चाहिए; चुनिंदा बहनें नहीं, सभी 28 लाख बहनों को अधिकार चाहिए” होगा मुख्य नारा
देवभूमि न्यूज 24 | कांगड़ा।
भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश की प्रदेश पदाधिकारी बैठक मंगलवार को कांगड़ा में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल एवं पायल वैद्य तथा विधायक पवन काजल सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, बूथ सशक्तिकरण और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने घोषणा की कि कांग्रेस सरकार की महिलाओं को 1500 रुपये मासिक देने की अधूरी गारंटी के विरोध में 19 नवंबर को धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में महिलाओं का विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
इस प्रदर्शन का मुख्य नारा “1500 नहीं, 72 हजार चाहिए; चुनिंदा बहनें नहीं, सभी 28 लाख बहनों को अधिकार चाहिए” रहेगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी महिलाओं से जुड़ी इस गारंटी को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करेगी।
दिसंबर में सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में चलेगा सेवादूत अभियान
डॉ. राजीव बिंदल ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय बनाने के लिए आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि विभिन्न मोर्चों की कार्यसमिति बैठकों का आयोजन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा।
इसके तहत 18 नवंबर को युवा मोर्चा की कार्यसमिति बैठक पालमपुर, 19 नवंबर को किसान मोर्चा की देहरा, 20 नवंबर को अनुसूचित जाति मोर्चा की पालमपुर, 21 नवंबर को महिला मोर्चा की ऊना तथा 22 नवंबर को अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा की बैठक ज्वालामुखी में आयोजित होगी।
उन्होंने बताया कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के उद्देश्य से पहली से 25 दिसंबर तक प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में ‘सेवादूत अभियान’ चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत प्रत्येक पोलिंग बूथ पर 51 कार्यकर्ताओं की सशक्त टीम तैयार की जाएगी, ताकि पार्टी का जनसंपर्क अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जा सके।
भाजपा की इस बैठक में आगामी दिनों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, विभिन्न मोर्चों को सक्रिय करने और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम तैयार करने की रणनीति पर विशेष जोर दिया गया।
देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579








