शिमला के संजौली कॉलेज में जिला स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित, शिमला ग्रामीण की टीम रही प्रथम

Share this post

रोहड़ू की टीम ने हासिल किया दूसरा स्थान, निबंध प्रतियोगिता का परिणाम मूल्यांकन के बाद होगा घोषित
देवभूमि न्यूज 24
शिमला। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन कार्यालय शिमला द्वारा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, राजकीय महाविद्यालय संजौली में जिला स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिला शिमला के सभी विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से जुड़े विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र की टीम दूसरे स्थान पर रही। अन्य विधानसभा क्षेत्रों से पहुंची टीमों ने भी निर्वाचन संबंधी विषयों पर अपने ज्ञान और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में मतदाता सूची तैयार करने एवं उसके पुनरीक्षण, मतदाता पंजीकरण, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM), वीवीपैट (VVPAT), मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया सहित निर्वाचन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रश्न पूछे गए। वहीं, निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची, मतदान के महत्व और लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की भूमिका जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। निबंध प्रतियोगिता की प्रविष्टियों का निर्धारित मानदंडों के अनुसार मूल्यांकन किया जाएगा और इसके बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।

प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को आगामी दिनों में जिला मुख्यालय शिमला में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा मेरिट एवं सहभागिता प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अन्य विद्यार्थियों को भी सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।

कार्यक्रम में उपनिदेशक उच्च शिक्षा की ओर से उनके प्रतिनिधि दयानंद आजाद ने भाग लिया। राजकीय महाविद्यालय संजौली की इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब की नोडल अधिकारी एवं सहायक प्रोफेसर डॉ. पूनम चंदेल तथा श्रीमती नमिता सी. खागटा ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने महाविद्यालय के ईएलसी सदस्य विद्यार्थियों के सहयोग से प्रतियोगिता की तैयारियों, प्रतिभागियों के समन्वय और आवश्यक व्यवस्थाओं का संचालन किया।

प्रतियोगिता के आयोजन एवं मूल्यांकन के लिए जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया था। इसमें उपनिदेशक उच्च शिक्षा एवं जिला ईएलसी नोडल अधिकारी-सह-समग्र प्रभारी लेखराज भारद्वाज, राजकीय महाविद्यालय संजौली की प्राचार्य डॉ. कामायनी बिष्ट, अंग्रेजी विभाग के डॉ. हर्षवर्धन खेमटा तथा हिंदी विभाग के डॉ. सत्यनारायण स्नेही शामिल रहे।

जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से नायब तहसीलदार (निर्वाचन) राखी पुंडीर, देविंदर सिंह, हरनाम सिंह तथा अधीक्षक कांता ठाकुर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग की इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब पहल का उद्देश्य विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी देना और उनमें लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक अधिकारों तथा नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता विकसित करना है।

कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को जागरूक मतदाता बनने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया। आयोजन में जिला निर्वाचन कार्यालय और राजकीय महाविद्यालय संजौली के अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का सराहनीय सहयोग रहा।

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579