रक्छम में तीन दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम का सफल आयोजन, बुनकर कार्ड और उद्यम पंजीकरण की सुविधा मिली

Share this post

RAMP योजना के तहत ग्रामीण युवाओं, विद्यार्थियों और स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार के प्रति किया जागरूक

  *देवभूमि न्यूज 24*

रक्छम (किन्नौर), जिला किन्नौर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रक्छम में RAMP योजना के अंतर्गत तीन दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम (EDP) का सफल आयोजन किया गया। हिमाचल प्रदेश उद्यमिता विकास केंद्र (HPCED) एवं उद्योग विभाग के सहयोग से द प्लैनेट एजुकेशन सोसाइटी (TPES), पांवटा साहिब की ओर से 16 से 18 नवंबर 2026 तक आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं, विद्यार्थियों और स्वयं सहायता समूहों (SHGs) को उद्यमिता एवं स्वरोजगार के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम के समापन समारोह में जिला उद्योग केंद्र (DIC), रिकांगपिओ के जनरल मैनेजर श्री गुरुलाल नेगी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्थानीय संसाधनों और उत्पादों के आधार पर स्वरोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने युवाओं को खाद्य प्रसंस्करण, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में उद्यम स्थापित करने की संभावनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को बिजनेस प्लानिंग, बिजनेस मॉडल कैनवास, वित्तीय साक्षरता, डिजिटल मार्केटिंग, विभिन्न सरकारी योजनाओं और बैंकिंग सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही पात्र बुनकरों के वीवर कार्ड बनवाने तथा इच्छुक उद्यमियों के उद्यम पंजीकरण (Udyam Registration) करवाने में भी सहयोग प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र एवं RAMP के प्रतिनिधि श्री राज सुदर्शन, विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य श्री यशवीर सिंह, पंचायत प्रधान श्रीमती सुनीला देवी तथा यूको बैंक के शाखा प्रबंधक श्री नामज्ञाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

द प्लैनेट एजुकेशन सोसाइटी, पांवटा साहिब की ओर से श्री हर्ष कुमार, सहायक प्रबंधक और श्री शिशुपाल चौहान, कार्यक्रम समन्वयक ने प्रशिक्षण सत्रों का संचालन किया।

कार्यक्रम का समापन अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ। इस पहल को ग्रामीण क्षेत्र में उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579