उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप होंगे आयोजन, परशुराम ताल और रेणुका झील परिसर में नहीं लगेंगे व्यापारिक स्टॉल
कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24
नाहन अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला-2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने श्री रेणुकाजी पहुंचकर मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि छह दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले का विधिवत शुभारंभ 19 नवंबर को हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री करेंगे।
उपमुख्यमंत्री मेले के शुभारंभ से पूर्व संगड़ाह और ददाहू बस स्टैंड की आधारशिला रखेंगे। इसके उपरांत वह ददाहू से लाना चेता तथा ददाहू से पांवटा साहिब के लिए बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने स्पष्ट किया कि इस वर्ष मेले का आयोजन माननीय उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा। उन्होंने हिमाचल प्रदेश सहित बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं से मेले में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
मेले को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए प्रशासन की ओर से विशेष कदम उठाए गए हैं। मेला परिसर के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता संबंधी साइन बोर्ड और होर्डिंग लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को प्लास्टिक का उपयोग न करने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके अलावा प्राकृतिक पत्तों से बनी पत्तलों की व्यवस्था भी की गई है, ताकि प्लास्टिक के विकल्प को बढ़ावा दिया जा सके।
उपायुक्त ने बताया कि मेले के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। इस संबंध में उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा महाविद्यालयों और स्कूलों के एनएसएस स्वयंसेवियों के साथ बैठक कर आवश्यक विचार-विमर्श किया और उनसे सहयोग का आग्रह किया। प्रशासन का प्रयास है कि पूरे मेला परिसर में स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखा जाए।
उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करते हुए परशुराम ताल और रेणुका झील परिसर में किसी भी प्रकार के व्यापारिक स्टॉल नहीं लगाए जाएंगे। मेले की समस्त व्यवस्थाएं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार ही संचालित होंगी।
उपायुक्त ने श्रद्धालुओं और आगंतुकों से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करें, प्लास्टिक का प्रयोग न करें तथा मेला परिसर में स्वच्छता बनाए रखने में अपना सहयोग दें, ताकि अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले का आयोजन स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा सके।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी, अतिरिक्त उपायुक्त एकता काप्टा, उपमंडलाधिकारी नाहन राजीव सांख्यान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579








