राजकीय महाविद्यालय कफोटा में इतिहास विभाग ने आयोजित की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, अमन ने हासिल किया प्रथम स्थान

Share this post

नीलम दूसरे और दीपिका तीसरे स्थान पर रहीं, प्राचार्या डॉ. सुलक्षणा शर्मा ने विजेताओं को किया सम्मानित

कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24

शिलाई क्षेत्र के राजकीय महाविद्यालय कफोटा में इतिहास विभाग की ओर से प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के सभी विभागों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में ऐतिहासिक ज्ञान, सामान्य जागरूकता और बौद्धिक क्षमता को विकसित करना था।

प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों से भारतीय एवं विश्व इतिहास से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे गए, जिनका उन्होंने उत्साह और आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिया। प्रतियोगिता में अमन (बी.ए. द्वितीय वर्ष) ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि नीलम (बी.ए. तृतीय वर्ष) ने द्वितीय तथा दीपिका (बी.ए. द्वितीय वर्ष) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता का आयोजन इतिहास विभाग के सहायक आचार्य प्रो. दिनेश कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुलक्षणा शर्मा ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस आयोजन की विशेष बात यह रही कि विजेता विद्यार्थियों को प्रदान किए गए पुरस्कारों का संपूर्ण खर्च प्रो. दिनेश कुमार ने अपनी निजी निधि से वहन किया। उनके इस प्रयास की महाविद्यालय में सराहना की गई।

प्राचार्या डॉ. सुलक्षणा शर्मा ने इतिहास विभाग की पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियां विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना, आत्मविश्वास और विषय के प्रति रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ ऐसी ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन भी आवश्यक है।

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579