राजीव शर्मन, ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24
मंडी जिला अपने ऐतिहासिक महत्व के लिए पूरे हिमाचल प्रदेश में जाना जाता है। छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध मंडी, महर्षि मांडव्य की तपोस्थली रही है। एडवोकेट आकाश शर्मा ने बतलाया कि जिला मंडी शहर मुख्यालय सारे हिमाचल प्रदेश को गौरवान्वित करता आया है।यहां के देवी-देवताओं, मंदिरों, ऐतिहासिक धरोहरों और प्राचीन परंपराओं ने मंडी को एक विशिष्ट पहचान प्रदान की है।
मंडी का इतिहास केवल मंडी शहर तक सीमित नहीं है। सरकाघाट, सुंदरनगर, करसोग, पांगणा, चुराग, धर्मपुर, जोगिंदरनगर और बल्ह सहित मंडी जिले के प्रत्येक क्षेत्र का अपना ऐतिहासिक महत्व रहा है। इन सभी क्षेत्रों का मंडी रियासत के इतिहास, संस्कृति, सामाजिक जीवन, खान-पान और रहन-सहन से गहरा संबंध रहा है। जोगिंदरनगर के ऐतिहासिक प्रोजेक्ट्स का संबंध भी तत्कालीन राजा जोगिंदर सेन के समय से रहा है।
मंडी की पहचान उसकी भौगोलिक सीमाओं से ही नहीं, बल्कि यहां की सांस्कृतिक एकता, ऐतिहासिक विरासत और आपसी संबंधों से बनी है। यही कारण है कि मंडी को हिमाचल प्रदेश का हृदय भी कहा जाता रहा है।
लेकिन पिछले कुछ समय से जिस प्रकार मंडी की ऐतिहासिक पहचान, इसकी केंद्रीय भूमिका और विकास को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं, वह अत्यंत चिंताजनक है।
हमारा स्पष्ट मानना है कि मंडी जिले का विभाजन मंडी की ऐतिहासिक विरासत, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक पहचान के साथ अन्याय होगा।
आज आधुनिक परिवहन और विकास के कारण दूरियां पहले जैसी नहीं रह गई हैं। सुंदरनगर पहुंचने में पहले जहां काफी समय लगता था, आज लगभग 15 मिनट में पहुंचा जा सकता है। सरकाघाट, धर्मपुर, जोगिंदरनगर और करसोग जैसे क्षेत्रों तक भी सड़क एवं परिवहन सुविधाओं के कारण पहुंच पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान हो गई है।
जब भौगोलिक दूरियां लगातार कम हो रही हैं, तब पुराने और ऐतिहासिक जिले को विभाजित करने का औचित्य क्या है?
यदि जनता की सुविधा और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर कोई समस्या है, तो उसका समाधान प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाने में है, न कि जिले की ऐतिहासिक पहचान को समाप्त करने में।
मंडी में पहले से एडीसी और एडीएम स्तर के अधिकारी उपलब्ध हैं। प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है। आवश्यकता पड़ने पर अधिकारियों के नियमित कैंप दूरस्थ क्षेत्रों में लगाए जा सकते हैं, ताकि जनता को अपने कार्यों के लिए जिला मुख्यालय तक बार-बार आने की परेशानी न हो। जिस प्रकार न्यायिक अधिकारी समय-समय पर कैंप कोर्ट लगाकर लोगों को सुविधा प्रदान करते हैं, उसी प्रकार प्रशासनिक अधिकारियों को भी दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर जनसमस्याओं का समाधान करना चाहिए।
मंडी की एकता ही मंडी की शक्ति है। मंडी की विरासत ही मंडी की पहचान है।
हम जिला पुनर्गठन से संबंधित समिति के अध्यक्ष महोदय से भी आग्रह करते हैं कि मंडी जिले की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, भौगोलिक परिस्थितियों, सांस्कृतिक संबंधों और जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए कोई भी निर्णय लिया जाए। किसी भी निर्णय का आधार केवल प्रशासनिक सुविधा नहीं, बल्कि क्षेत्र की वास्तविक परिस्थितियां और जनता की व्यापक राय होनी चाहिए।
हम उन सभी लोगों से भी आग्रह करते हैं जो मंडी के विभाजन की मांग कर रहे हैं कि वे मंडी की ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक एकता और सामाजिक संबंधों को समझें। विकास के नाम पर किसी ऐतिहासिक पहचान को कमजोर करना उचित नहीं है।
मंडी की अस्मिता, मंडी की विरासत और मंडी की एकता के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता।
आइए, हम सभी मिलकर मंडी की ऐतिहासिक पहचान और एकता को बचाने के लिए अपनी आवाज बुलंद करें।
आपकी क्या राय है? मंडी जिले को विभाजित किया जाना चाहिए या इसकी ऐतिहासिक एकता और पहचान को बनाए रखा जाना चाहिए? अपनी राय अवश्य रखें।
आकाश शर्मा,अधिवक्ता
देवभूमि न्यूज 24
देश दुनिया, गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए
समाचार, विज्ञापन:9816216579








