पारंपरिक हर्षोल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला-2026 का शुभारंभ, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने किया उद्घाटन

Share this post

संगड़ाह और ददाहू बस अड्डों का किया शिलान्यास, दो नई एचआरटीसी बस सेवाओं को दिखाई हरी झंडी
देवभूमि न्यूज 24
श्री रेणुकाजी। अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला-2026 का शुक्रवार को पारंपरिक हर्षोल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ विधिवत शुभारंभ हुआ। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मेले का उद्घाटन किया। छह दिवसीय यह मेला 19 से 24 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है। मेले के शुभारंभ के साथ ही श्री रेणुका जी क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक उत्सव का माहौल बन गया है।

मेले के शुभारंभ से पहले उप मुख्यमंत्री ने क्षेत्र को विकास की सौगात देते हुए 1.60 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले संगड़ाह बस अड्डे तथा 3.76 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ददाहू बस अड्डे का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि दोनों बस अड्डों का निर्माण रिकॉर्ड समय में पूरा किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने ददाहू से लाना चेता तथा ददाहू से पांवटा साहिब के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम की दो बस सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें ददाहू से पांवटा साहिब के लिए इलेक्ट्रिक बस सेवा भी शामिल है।

श्री रेणुका जी पहुंचने पर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके उपरांत सदियों से चली आ रही धार्मिक परंपरा के अनुसार ददाहू से भगवान परशुराम जी की भव्य देव पालकी शोभायात्रा निकाली गई। उप मुख्यमंत्री ने भगवान परशुराम जी की देव पालकी को कंधा देकर धार्मिक परंपरा में अपनी भागीदारी निभाई।

इस अवसर पर मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि श्री रेणुका जी मेला हिमाचल प्रदेश के प्राचीन एवं पौराणिक मेलों में से एक है। जनश्रुति के अनुसार भगवान परशुराम वर्ष में एक बार जामूकोटी से अपनी माता श्री रेणुका जी से मिलने आते हैं। मां के वात्सल्य और पुत्र की श्रद्धा का यह अनूठा संगम असंख्य श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह मेला प्रदेश की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संजोए रखने के साथ-साथ पीढ़ी दर पीढ़ी पुरानी परंपराओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर भी है।

कार्यक्रम में विधायक श्री रेणुकाजी एवं श्री रेणुका जी विकास बोर्ड के अध्यक्ष विनय कुमार, विधायक नाहन अजय सोलंकी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं सिरमौर जिला कांग्रेस प्रभारी धर्मेंद्र धामी, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आनंद परमार, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तेपेंदर चौहान, महिला कांग्रेस की ब्लॉक अध्यक्ष श्यामा ठाकुर, श्री रेणुका जी विकास बोर्ड की उपाध्यक्ष एवं उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा तथा पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579