देवभूमि न्यूज 24
धर्मशाला हिमाचल प्रदेश विधानसभा के धर्मशाला में चल रहे शीतकालीन सत्र के दौरान राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की भारतीय सेना को लेकर की गई टिप्पणियों पर भाजपा ने कड़ा विरोध जताया। भाजपा विधायक दल ने विधानसभा परिसर के बाहर प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार का एक मंत्री पूरी तरह नियंत्रण से बाहर हो गया है और लगातार सेना के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दे रहा है।
मीडिया से बातचीत करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी संविधान की शपथ लेकर संवैधानिक पद पर आसीन हैं, लेकिन इसके बावजूद वह देश की सेना के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री इससे पहले भी कई बार सेना को लेकर विवादित टिप्पणियां कर चुके हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उन्होंने विधानसभा के भीतर भी इस मामले को उठाते हुए मांग की थी कि मंत्री की ऐसी टिप्पणियों को सदन की कार्यवाही का हिस्सा नहीं बनाया जाना चाहिए। उनके अनुसार, मंत्री ने सदन में सेना में भ्रष्टाचार को लेकर निराधार आरोप लगाए और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर भी गंभीर टिप्पणी की, जो किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि विपक्ष के विरोध और आपत्ति के बावजूद मंत्री अपनी बात कहते रहे और दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से उनकी टिप्पणियां विधानसभा की कार्यवाही में दर्ज भी कर ली गईं। इसी के विरोध में भाजपा विधायक दल ने स्थगन प्रस्ताव लाकर सदन से वॉकआउट किया।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में दोबारा माफी नहीं मांगी गई तो विपक्ष सदन की कार्यवाही बाधित करने के लिए मजबूर होगा। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी के नेता सेना के खिलाफ टिप्पणियां कर रहे हैं, लेकिन शीर्ष नेतृत्व की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आ रही है। ऐसे नेताओं पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण दिया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि भारतीय सेना के अद्भुत शौर्य और पराक्रम ने हमेशा देशवासियों का सिर गर्व से ऊंचा किया है। ऐसे में सेना का मनोबल गिराने वाले बयान देकर कांग्रेस नेता आखिर क्या साबित करना चाहते हैं? उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और सेना के सम्मान से जुड़े विषयों पर किसी भी प्रकार की गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579








