आशियाड़ी टिंबी में वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित, लोगों को बैंकिंग योजनाओं और साइबर ठगी से बचाव की दी जानकारी

Share this post

कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24 | टिंबी (सिरमौर)

लोगों को वित्तीय रूप से जागरूक एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से नाबार्ड के सौजन्य से हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के वित्तीय साक्षरता केंद्र द्वारा ग्राम पंचायत आशियाड़ी टिंबी में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वित्तीय साक्षरता समन्वयक बलबीर सिंह ने उपस्थित लोगों को केंद्र सरकार, नाबार्ड तथा बैंकों द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

इस दौरान बलबीर सिंह ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना सहित बैंक की विभिन्न योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक किया। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से आम नागरिक अपने भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित बना सकते हैं तथा कम प्रीमियम पर बीमा और सामाजिक सुरक्षा का लाभ उठा सकते हैं।

शिविर में विशेष रूप से किसान वर्ग को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की उपयोगिता, इसके लाभ और सही तरीके से इस्तेमाल करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से समझाया गया। उन्होंने किसानों को बैंकिंग सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा वित्तीय लेन-देन में जागरूकता बरतने का आह्वान किया।

इसके अतिरिक्त लोगों को बढ़ते ऑनलाइन साइबर अपराधों और डिजिटल ठगी के प्रति सचेत किया गया। उन्हें बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते की जानकारी, एटीएम पिन, ओटीपी और अन्य गोपनीय जानकारियां साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और ऑनलाइन लेन-देन करते समय विशेष सावधानी बरतें।

शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बैंकिंग सुविधाओं, सरकारी योजनाओं और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना रहा।

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579