रोनहाट कॉलेज के इतिहास में पहली बार 25 नवंबर से होगा एनएसएस का सात दिवसीय विशेष शिविर

Share this post

नई पहल: उद्घाटन और समापन समारोह में स्टाफ सदस्यों के माता-पिता होंगे मुख्य अतिथि
देवभूमि न्यूज 24
सिरमौर जिला के राजकीय महाविद्यालय रोनहाट में 25 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 तक राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का पहली बार आयोजन किया जा रहा है। वर्ष 2017 में महाविद्यालय की स्थापना के बाद से अब तक यहाँ एनएसएस का एक भी विशेष शिविर आयोजित नहीं हुआ है। इस प्रकार, नौ वर्षों के अंतराल के बाद यह पहला अवसर है, जब महाविद्यालय में एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. नलिन रमौल ने बताया कि महाविद्यालय में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी के रूप में सुश्री मंजना शर्मा कार्यरत हैं। शिविर के सफल संचालन में वाणिज्य विषय की सहायक आचार्य सुश्री बंदना अत्री, अंग्रेज़ी विषय की सहायक आचार्य श्रीमती कृतिका सैनी तथा कनिष्ठ कार्यालय सहायक श्री अनिल कुमार सहयोग करेंगे।

डॉ. रमौल ने बताया कि इस शिविर के आयोजन के साथ ही महाविद्यालय एक अनूठी परंपरा की शुरुआत भी करने जा रहा है। इसके अंतर्गत शिविर के उद्घाटन एवं समापन, दोनों समारोहों में महाविद्यालय के स्टाफ सदस्यों के माता-पिता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल उन माता-पिता के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का एक विनम्र प्रयास है, जिनके त्याग, संस्कार, मार्गदर्शन और सहयोग से उनके बच्चे आज सरकारी सेवा में कार्यरत हैं। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को भी यह प्रेरक संदेश देने का प्रयास किया जाएगा कि जीवन में प्रत्येक उपलब्धि के पीछे माता-पिता का महत्वपूर्ण योगदान और उनका निस्वार्थ सहयोग होता है।

उन्होंने बताया कि 25 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले उद्घाटन समारोह में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी एवं राजनीति विज्ञान की सहायक आचार्य सुश्री मंजना शर्मा के माता-पिता श्रीमती कियालो देवी एवं श्री रामभज शर्मा, निवासी गाँव नया, शिलाई, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

इसी प्रकार, 1 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाले समापन समारोह में महाविद्यालय के कनिष्ठ कार्यालय सहायक श्री अनिल कुमार के माता-पिता श्रीमती मैना देवी एवं श्री सुन्दर सिंह, निवासी हरिपुरधार, मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सुश्री मंजना शर्मा ने बताया कि महाविद्यालय की एनएसएस इकाई द्वारा रास्त गाँव को गोद लिया गया है। शिविर के दौरान इस गाँव में विभिन्न सामुदायिक एवं जनजागरूकता संबंधी गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी। इसके अतिरिक्त, स्वयंसेवक गाँव में ‘उपभोक्ता अधिकार एवं जागरूकता’ विषय पर सर्वेक्षण भी करेंगे। शिविर में सामुदायिक सेवा, स्वच्छता, जनजागरूकता अभियानों तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों को भी शामिल किया गया है। इन गतिविधियों का उद्देश्य एनएसएस के आदर्श वाक्य ‘मैं नहीं, आप’ की भावना के अनुरूप स्वयंसेवकों में सामाजिक उत्तरदायित्व, सेवाभाव, नेतृत्व क्षमता एवं सामुदायिक सहभागिता की भावना विकसित करना है।

देवभूमि न्यूज 24
देश दुनिया, गांव देहात की खबरों का दर्पण
समाचार, विज्ञापन:9816216579