Share this post

जिला ऊना के अम्ब उपमंडल के मथैहड़ मिडल स्कूल को स्तरोन्नत करने की मांग।

देवभूमि न्यूज डेस्क
ऊना (हि. प्र.)

अम्ब उपमंडल के अन्तर्गत मथैहड़ पंचायत में पक्की सड़क निर्माण के बावजूद वहां पर परिवहन निगम की बस सुविधा और उच्च शिक्षा का अभाव है।
अम्ब उपमंडल तहसील मुख्यालय के मथैहड़ मिडल स्कूल के छात्र छात्राओं को गत एक दशक से स्कूल के हाई स्कूल अथवा सीनीयर सैकेंडरी स्कूल स्तरोन्नत होने का लम्बा इंतजार करना पड़ा है।
मथैहड़ ग्राम पंचायत और स्थानीय गांव के इलाका वासियों ने बताया कि उनके लड़के-लड़कियों को उच्च शिक्षा हेतु सूहीं, लोहारा,सलोई अथवा कलरूही के स्कूलों का रुख करना पड़ता है। सबसे बड़ी समस्या है कि मथैहड़ और निकटवर्ती गांवों को हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस सेवा भी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में छात्र छात्राओं को मैट्रिक और प्लस टू की शिक्षा हेतु पैदल दस किलोमीटर दूर तक भी चलना पड़ता है।
स्थानीय मथैहड़ पंचायत और निकटवर्ती गांवों के इलाका वासियों ने उच्च शिक्षा विभाग हिमाचल प्रदेश सरकार से पुरजोर अपील की है कि मिडल स्कूल मथैहड़ को तत्काल प्रभाव से हाई स्कूल अथवा सीनीयर सैकेंडरी स्कूल स्तरोन्नत किया जाना चाहिए। गौरतलब है कि मिडल स्कूल मथैहड़ में उच्च शिक्षा हेतु छात्र छात्राओं के लिए पर्याप्त कमरे उपलब्ध हैं। यही नहीं मथैहड़ मिडल स्कूल का एक बहुत बड़ा सर्व सुलभ खेल का मैदान भी इसके आगामी उच्च शिक्षा हेतु स्तरोन्नत होने की संभावनाएं संजोए हुए है। अतः मथैहड़ इलाका वासियों ने मिडल स्कूल मथैहड़ को तत्काल प्रभाव से हाई स्कूल अथवा सीनीयर सैकेंडरी स्कूल के तौर पर अपग्रेड करने की मांग एक बार पुनः दोहराई है।