ऊना जिला के अम्ब उपमंडल तहसील मुख्यालय रेलवे स्टेशन पर यथोचित पार्किंग की दरकार

Share this post

ऊना जिला के अम्ब उपमंडल तहसील मुख्यालय रेलवे स्टेशन पर यथोचित पार्किंग की दरकार

देवभमि न्यूज डेस्क
ऊना

जिला ऊना के अम्ब उपमंडल तहसील मुख्यालय के रेलवे स्टेशन पर यथोचित पार्किंग स्थल निर्माण करवाने की नितांत आवश्यकता है। रेलवे अथारिटी अम्बाला सर्कल के रीजनल डिविजनल मैनेजर को इस संदर्भ में जनता-जनार्दन की सुरक्षात्मक भावनाओं के अनुरूप शीघ्रातिशीघ्र आगामी आवश्यक कार्यवाही अमल में लानी चाहिए।
अम्ब उपमंडल तहसील मुख्यालय के रेलवे स्टेशन पर विभिन्न रेल यात्रियों को अपने निजी वाहनों, स्कूटर, मोटरसाइकिल,जीप-कारों को खुले में छोड़ कर अपने गंतव्य पर जाना पड़ता है। रेल यात्रियों ने बतलाया कि सारी रेल यात्रा में उनको वाहनों के चोरी होने का भय सताता रहता है। रेल यात्रियों की पुरजोर मांग है कि रेलवे अथारिटी को पेड- पार्किंग का शीघ्रातिशीघ्र सुरक्षा गार्डों की व्यवस्था में प्रबंधन करवाना समय की पुकार है।
एक और समस्या का खुलासा करते हुए रेल यात्रियों का कहना है कि अम्ब रेलवे स्टेशन से बस स्टॉप अम्ब की ओर जाने वाले संकीर्ण मार्ग का विस्तारीकरण अथवा रेलवे स्टेशन से दूसरी ओर का वैकल्पिक लिंक रोड बनवाने की भी एक दशक से ज़ोरदार मांग को आज भी ठंडे बस्ते में डाला गया है। यही नहीं अम्ब रेलवे स्टेशन से दो हज़ार मीटर की दूरी तक संकीर्ण मार्ग पर तीव्र गति से स्कूटर, मोटरसाइकिल सवारों ने भी आतंक मचा रखा है। रेलवे स्टेशन अम्ब के प्रशासनिक प्रबंधन ने बताया कि यह उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर का मामला है। इस पर अम्ब उपमंडल तहसील मुख्यालय की यातायात पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने का एकाधिकार है।
अम्ब रेलवे स्टेशन की हदबंदी में गति अवरोधकों को तो रेलवे अथारिटी द्वारा लगाया जाना नितांत अपेक्षित है।
रेलवे की हदबंदी के बाहर अम्ब उपमंडल तहसील मुख्यालय के उपमंडल अधिकारी (नागरिक) एस०डी०एम० अम्ब को रेल यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा हेतु तत्काल प्रभाव से गति अवरोधकों को लगवाने की पहल लाजमी है।
यही नहीं स्थानीय प्रशासन व नगर पंचायत अम्ब को अपने वार्ड नम्बर आठ,नौ के अधिकार क्षेत्र वाले रेलवे स्टेशन के रास्ते में भी यात्रियों की सुविधा हेतु रेन शैल्टर लगाने की जोरदार आवश्यकता की पूर्ति की जानी चाहिए। अम्ब उपमंडल स्थानीय प्रशासन और रेलवे अथारिटी को इस संदर्भ में तत्काल आवश्यक कार्यवाही की जोरदार गुहार रेल यात्रियों ने लगाई है। आशा की जानी चाहिए कि अम्ब उपमंडल तहसील मुख्यालय के रेलवे स्टेशन पर पेड- पार्किंग, स्पीड ब्रेकर, मनचले स्कूटर मोटरसाइकिल सवारों पर नकेल कसने व रेल यात्रियों की सुविधा हेतु अम्ब रेलवे स्टेशन से बस स्टॉप की ओर मार्ग पर बरसात से बचाव हेतु एक रेन शैल्टर का समुचित प्रबंधन करवाया जाना चाहिए।
-राजीव शर्मन