सिद्धू मूसेवाला पर सियासत, नेताओं का दोहरा चेहरा बेनकाब, पहले कहा गैंगस्टर अब होनहार ‘मुंडा

Share this post

सिद्धू मूसेवाला पर सियासत, नेताओं का दोहरा चेहरा बेनकाब, पहले कहा गैंगस्टर अब होनहार ‘मुंडा’

देवभूमि न्यूज डेस्क
पंजाब

पंजाबी गायक व कांग्रेस नेता शुभदीप सिंह उर्फ सिद्धू मूसेवाला की हत्या ने पंजाब को हिला कर रख दिया है। गैंगस्टरों ने दिनदहाड़े जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया, उससे कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार निशाने पर है। इस घटना से पंजाब के सियासी नेताओं के चेहरे भी बेनकाब हुए है। जो नेता कभी मूसेवाला पर अनाप-शनाप आरोप लगाकर निशाना बना रहे थे और गैंगस्‍टर तक कह चुके थे , आज उन्‍‍हें ‘हाेनहार मुंडा’ बता रहे हैं। 
भाजपा, कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल मूसेवाला की हत्या को लेकर आप सरकार को बर्खास्त करने की मांग राज्यपाल से कर चुके हैं। जिस मूसेवाला को चुनाव के दौरान गैंगस्टर व गन कल्चर को बढ़ावा देने वाला तक कहा जा रहा था, अब उसे होनहार व अपने बलबूते पर ख्याति पाने वाला बताया जा रहा है। सियासत व नेताओं का दोहरा चेहरा भी इस हत्या ने बेनकाब कर दिया है।
गायकी के बाद राजनीति के सफर तक सिद्धू मूसेवाला चर्चा का केंद्र रहे थे। अमरिंदर सिंह राजा वड़‍िंग की पहल पर सिद्धू मूसेवाला ने दिसंबर 2021 में तत्कालीन मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और तत्कालीन कांग्रेस के प्रदेश प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू की अगुआई में कांग्रेस पार्टी ज्वाइन की थी।
कैप्टन, सुखबीर, चुघ के वीडियो वायरल
उसी समय तय हो गया था कि मूसेवाला मानसा से कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे। तभी से सभी राजनीतिक पार्टियों ने सिद्धू मूसेवाला को आड़े हाथों लिया। शिरोमणि अकाली दल से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक ने गैंगस्टरों के साथ संबंध होने को लेकर निंदा की थी।
अब जब नेता मूसेवाला को बहुत होनहार व चंगा मुंडा बता रहे हैं तो इंटरनेट मीडिया पर ऐसी वीडियो भी वायरल हो रही हैं जिनमें यही नेता उनकी तीखी आलोचना कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा था, ‘मूसेवाला को लेकर आए हंै। ऐसे गैंगस्टर को कैसे लेकर आए हैं।’ सुखबीर बादल ने कहा था, ‘उनके गैंगस्टरों के साथ संबंध हैं।’
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा था, ‘2020 में जो भिडरावाला की फोटो और वीडियो डालता है, देश तोड़ने की बात करता है, उस गैंगस्टर को कांग्रेस पार्टी ज्वाइन करवाकर कांग्रेस ने गन कल्चर को बढ़ावा दिया है।’ ऐसे वीडियो वायरल होने से लोग इन नेताओं पर ही सवाल उठा रहे हैं। गन कल्चर वाले गीतों को पसंद नहीं करने वाले आम पंजाबी भी 28 वर्षीय युवा गायक की हत्या से हतप्रभ हैं