पंजाब में भाजपा अकेले लड़ेगी 2024 लोकसभा चुनाव, गृह मंत्री अमित शाह
देवभूमि न्यूज डेस्क
पंजाब/चंडीगढ़
भारतीय जनता पार्टी पंजाब की राजनीति में बड़ी भूमिका निभाते हुए 2024 के लोकसभा चुनाव में अकेले मैदान में उतरेगी, जो कोई भी हमसे जुड़ना चाहता है, उसे छोटे भागीदार के रूप में आना होगा और कमल तले आने वाले सभी का भाजपा स्वागत करेगी। यह बातें शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यहां पार्टी कार्यालय में भाजपा नेताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहीं।
शाह ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि तीन महीने में आप का छल और धोखे का चेहरा सबके सामने आ गया है। यह सोचकर ही रूह कांप जाती है कि यह लोग पांच साल में क्या करेंगे?
शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं को आश्वासन देते हुए कहा कि ‘हम राज्य में 2024 के लोकसभा चुनाव में सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में उभरेंगे, क्योंकि लोग आम आदमी पार्टी से असंतुष्ट हैं और अगले चुनाव में उन्हें बाहर करने का इंतजार कर रहे हैं।’
शाह ने सभी राजनीतिक अफवाहों पर विराम लगाते हुए कहा कि भाजपा अपने दम पर चुनाव लड़ेगी और जो भी इसमें शामिल होना चाहता है, उसे कमल के नेतृत्व में चुनाव लड़ना होगा। हम यहां जीतने और राज्य में समृद्धि लाने के लिए आए हैं।
अमित शाह ने कहा कि आज भारत अनाज की आत्मनिर्भरता में ऐतिहासिक कदम बढ़ा चुका है। पंजाब के बलिदान और महान योगदान को याद करते हुए शाह ने कहा कि ‘भाजपा उन गुरुओं की भूमि का सम्मान करने और उसके साथ खड़ी होने के लिए प्रतिबद्ध है, जिन्होंने धर्म की रक्षा तथा देश में लोगों के अधिकारों के लिए अपने प्राण त्याग दिए।
उन्होंने कहा, ‘मैं पंजाब के लोगों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि केंद्र सरकार और पूरा देश, पंजाब के हर नागरिक के साथ खड़े हैं। पंजाब में व्याप्त संकट की स्थिति को और खराब नहीं होने दिया जाएगा।’
अमित शाह ने कहा कि गुरुओं की भूमि पंजाब के लोग राष्ट्र के सामने आने वाले किसी भी संकट तथा देश की सीमाओं की रक्षा के लिए एक चट्टान की तरह खड़े हैं। पंजाब हरित क्रांति की शुरुआत करने और सीमाओं की रक्षा करने के लिए वीरता से खड़ा रहा है।
इससे पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने अमित शाह का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा राज्य के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और किसी को भी राज्य की शांति भंग नहीं करने देगी। भाजपा संगरूर लोकसभा उपचुनाव अपने सहयोगी दलों पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी और शिअद (संयुक्त) के साथ मिलकर लड़ेगी। बैठक में प्रदेश भाजपा के पदाधिकारी, प्रदेश कोर कमेटी के सदस्य, पंजाब भर के जिला अध्यक्ष आदि मौजूद थे।