शिलाई विकास खण्ड कार्यालय स्तिथ आधार केंद्र में आग लगने से लाखों का नुकसान
देवभूमि न्यूज डेस्क
कार्तिकेय तोमर-शिलाई
शिलाई विकास खण्ड कार्यालय में चल रहे आधार केंद्र में अचानक आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। आग क्यो ओर कैसे लगी इसकी जांच की जा रही है
शिलाई पुलिस और पटवारी हल्का ने मौका का निरीक्षण करके मामले को आगामी कार्यवाही के लिए अधिकारियों को भेजा है। जानकारी के मुताबिक विकास खण्ड कार्यालय शिलाई परिसर में आधार केंद्र स्थापित किया गया है। जो पिछले दो सालों से निरंतर चल रहा है। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह अचानक आधार केंद्र में आग लग गई जो पूरी तरह जलकर राख हो गया है। पटवारी हल्का की रिपोर्ट के मुताबिक आधार केंद्र शिलाई में रविवार सुबह लगभग 9 बजे के करीब अचानक आग लग गई। रविवार का दिन होने के कारण कार्यालय बंद थे। इसलिए किसी व्यक्ति ने जल्दी से ध्यान नहीं दिया। कुछ बच्चों ने देखा कि आधार केंद्र से तेज मात्रा में धुआँ निकल रहा है। मामले को लेकर आसपास रह रहे आवासीय क्लोनियों में कर्मचारियों को जानकारी दी गई, जिसके बाद मौका पर सभी विभागीय दल और आधार आपरेटर पहुंचे। लेकिन तब तक आधार केंद्र में इंस्टाल की गई सभी इलेक्ट्रोनिक सामग्री व स्टेशनरी राख में तब्दील हो चुकी थी।
रिपोर्ट के मुताबिक तीन कंप्यूटर, तीन प्रिंटर, एक हिटिंग मशीन, एक लैपटॉप, टेबल फैन, सीसी टीवी कैमरे, आधार फिंगर प्रिंट मशीन, बेब कैमरा, आधार आईरिज मशीन, वायरिंग, टेबल, कुर्सियों सहित लगभग 3 लाख से अधिक रुपए का नुकसान आंका गया है। जिसकी रिपोर्ट बनाकर विभागीय अधिकारियों को भेजी गई है। 
उल्लेखनीय है कि विकास खंड कार्यालय परिसर में सीएससी केंद्र शिलाई के माध्यम से लोगों की सुविधाओं के लिए आधार केन्द्र खोला गया है। शिलाई में यह इकलौता आधार केंद्र है, जहां पूरे एरिया के लोग अपने आधार पर अपडेशन और आधार बनाने के लिए पहुंचते रहे है। आगजनी से जहां सीएससी केंद्र को लाखों का नुकसान पहुंचा दिया है, वही आधार न बनने के कारण लोगों की मुसीबतें बढ़ गई है। नई मशीनरी ना आने तक अब आधार केंद्र बंद रहेगा। आधार ऑपरेटर अमित ने मामले पर बताया कि आधार केंद्र में अचानक आग लग गई है। जिसमे लगभग सभी सामग्री सहित कमरे के अंदर रखा सामान राख की ढेर में तब्दील हो गया है।
विकास खण्ड कार्यालय को पहले आधार केंद्र के लिए एक कमरा उपलब्ध करवाने की अपील की गई है। उसके बाद सभी आधार मशीनरी नए सिरे से इंस्टाल की जाएगी। इसलिए 15 जून तक आधार केंद्र को संचालित करने की कोशिश की जाएगी। उधर शिलाई के एस डी एम सुरेश सिंघा ने बताया कि पटवारी हल्का से नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट मंगवाई जा रही है। तथा लोगों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए जल्द आधार केंद्र को स्थापित करने के लिए विकास खंड अधिकारी से बात की जा रही है, जल्द आधार केंद्र के लिए अन्य रूम की व्यवस्था करके आधार केंद्र को दोबारा सुचारू करवाया जाएगा।