उत्तराखण्ड के डामटा में बस दुर्घटनाग्रस्त:15 की मौत
देवभूमि न्यूज डेस्क
उत्तराखण्ड/देहरादून
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के यमुनोत्री हाइवे पर डामटा में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। श्रद्धालुओं से भरी एक बस यू के -4 1514 खाई में गिर गई हादसे में 15 यात्रियों की मौत हो गई है।
जानकारी के मुताबिक यमुनोत्री हाईवे पर डामटा में दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई है ।जिसमें लगभग 30 लोग सवार थे जिसमें 15 की मौके पर मौत हो गई है। चार घायल है जबकि 10 लोगों को रेस्क्यू किया जा रहा है। हालांकि प्रशासनिक रूप से इसकी अभी पुष्टि नहीं हो पाई है।
बस हरिद्वार से चली थी। सभी यात्री मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।थानाध्यक्ष पुरोला अशोक कुमार ने बताया की 15 शव निकाले जा चुके हैं। जिनकी शिनाख्त करने की कोशिश की जा रही है।
डामटा में बस के खाई में गिरते ही अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। जिसने भी इस दर्दनाक हादसे के बारे में सुना, दौड़ा चला आया। हादसे का शिकार हुई बस के परखच्चे उड़ गए। वहीं, जमीन शवों से भर गई है। मंजर देख लोगों की रूह कांप गई। स्थानीय लोग और प्रशासन मौके पर राहत कार्य में जुटे हुए हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।