पंजाब में पुरानी पेंशन स्कीम बहाल करने का मुद्दा होगा हल-
देवभूमि न्यूज डेस्क
पंजाब/चंडीगढ़
पंजाब सरकार जल्द ही पंजाब कर्मचारियों के लिए एक नया तोहफा लाने की तैयारी कर रही है। जानकारी के अनुसार मान सरकार जल्द पुरानी पेंशन स्कीम बहाल कर सकती है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने छत्तीसगढ़ और राजस्थान से जानकारी मंगवाई है क्योंकि इन राज्यों में पुरानी पेंशन स्कीम बहाल हो गई है। आपको बता दें पंजाब में सरकारी कर्मचारी काफी लंबे समय से इसकी मांग कर रहे है और चुनावों के समय ‘आप’ सरकार पंजाबियों से इसका वादा भी किया था।
गत दिन सी.एम. भगवंत मान से सी.पी.एफ. कर्मचारी यूनियन ने बैठक की है जिस दौरान मान सरकार ने यह भरोसा दिलाया है। सी.पी.एप. कर्मचारी यूनियन के स्टेट प्रेजिडेंट सुखजीत सिंह ने बताया कि सी.एम. मान ने कहा है कि पंजाब में जल्द ही पुरानी पेंशन स्कीम बहाल करने का मुद्दा हल होगा।
आपको बता दें आम आदमी पार्टी ने चुनाव प्रचार के दौरान पंजाबियों से पुरानी पेंशन स्कीम बहाल करने का वादा किया था। पटियाला में रैली के दौरान दिल्ली के सी.एम. और ‘आप’ सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने खुद यह बात कही थी। कोई फैसला न होने पर कर्मचारियों ने संगरूर लोकसभा उप चुनाव में ‘आप’ के विरोध का ऐलान कर दिया। कुछ दिन पहले कर्मचारी संगठनों ने वित्त मंत्री हरपाल चीमा से मुलाकात की थी जिसमें वित्त मंत्री ने भरोसा दिया कि मान सरकार इस संबंध में जरूर कार्रवाई करेगी।
जानकारी के अनुसार पंजाब में 2 लाख सरकारी कर्मचारी नई पेंशन स्कीम का विरोध कर रहे हैं। पूरे देश में 70 लाख कर्मचारी पुरानी पेंशन स्कीम के समर्थन में हैं। सी.पी.एफ. कर्मचारी यूनियन ने कहा कि अगर पंजाब सरकार ने यह मांग पूरी नहीं की तो जहां भी आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ेगी कर्मचारी संगठन उनका विरोध करेंगे।