जिला मंडी के श्री मांडव्य नगर छोटी काशी सदर विधानसभा सीट से चुनावी सरगर्मियां तेज।
देवभूमि न्यूज डेस्क
ऊना
प्राचीन श्री मांडव्य नगर छोटी काशी जिला मंडी सदर सीट का इतिहास बहुत रोचक रहा है। यहां से विधानसभा में आज तक पुरूष प्रतिनिधि ही प्रतिनिधित्व करते आये हैं।
इनमें विधायक और मंत्री बनने वालों में पंडित गौरी प्रसाद,स्वामी कृष्णानंद, पंडित सुखराम, दुर्गा दत्त ठाकुर, कन्हैयालाल ठाकुर, अनिल शर्मा ही प्रमुख रहें हैं।
मंडी सदर विधानसभा सीट पर कभी कोई महिला विधायक नहीं बन पाई है हालांकि सर्वप्रथम लीला टंडन और पिछले चुनावों में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं काबीना मंत्री कौल सिंह ठाकुर की सुपुत्री चंपा ठाकुर ने भी चुनाव लड़ा किंतु कामयाबी हासिल नहीं हुई थी।
वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में इस बार एक बार पुनः चुनावी सरगर्मियां तेज होने लगी है।
मंडी सदर विधानसभा सीट पर कुल मतदाताओं की अनुमानित संख्या पचहत्तर हजार का आंकड़ा पार करने वाली है।
इसमें महिलाओं और पुरुषों की संख्या में बराबर की भागीदारी है।
नये नगर निगम के सत्रह वार्डों में और तुंगल घाटी से चुनावी प्रत्याशी हावी रहता एवं बर्चस्व कायम करता आया है।
पूर्व के उम्मीदवारों स्वर्गीय पंडित सुखराम, दुर्गा दत्त, कन्हैयालाल व वर्तमान विधायक अनिल शर्मा इन सभी की पृष्ठभूमि तुंगल घाटी से ही संवन्धित रही है।
इस बार मंडी सदर विधानसभा सीट पर महिला उम्मीदवारों के नाम ज्यादा सामने आ रहे हैं। कांग्रेस की ओर से तो सम्भवतः चंपा ठाकुर का एक मात्र नाम टिकट की दौड़ में सबसे आगे चल रहा है।
भाजपा के वर्तमान विधायक अनिल शर्मा को एक बार पुनः प्रत्याशी बनाया जा सकता है?
इस बारे कुछ भी कहना बहुत जल्दबाजी होगी। हालांकि अभी तक सभी संभावनाओं से इंकार नहीं किया जा सकता है।
मंडी शहरी क्षेत्रों से भी भाजपा और कांग्रेस की ओर से महिलाओं के दौड़ में सम्मिलित होने के कयास लगाए जा रहे हैं।
तीसरे विकल्प का झंडा बुलंद करने को आतुर आम आदमी पार्टी को भी किसी महिला उम्मीदवार को लेकर अंदरखाते जोरदार तैयारियां चल रही है। इसमें मंडी सिविल कोर्ट की एक बकील महिला नेत्री को आगे लाने की रणनीति पर सहमति बनाई जा रही है।
मंडी शहरी सीट पर जातीय समीकरण भी बहुत बड़ी एहमियत रखते आये हैं। यह कहना टेढ़ी खीर साबित हो सकती है कि यह महिला कौन से समुदाय से संवन्धित है ?जिन महिलाओं के नाम लिए जा रहे हैं उनमें सर्वप्रथम चंपा ठाकुर, अलकनंदा एडवोकेट, दीपाली जसवाल,सुमन ठाकुर और माधुरी कपूर का नाम सम्मिलित माना जा रहा है।
अब तक की राजनीति ब्राह्मण, खत्री, राजपूतों तक ही सीमित एवं घूमती आई है किन्तु वर्तमान में अल्पसंख्यकों का भी दबदबा बढ़ा है। ऐसे में यह कहना मुश्किल है कि मंडी सदर विधानसभा सीट पर पुरूष अथवा महिला कौन कामयाब होगा
राजनीतिक विश्लेषकों व गहन मंथन करने वालों ने महिलाओं की भागीदारी को मोहर लगा दी है।
अब देखना यह है कि मंडी सदर विधानसभा सीट से कौन सी महिला सशक्त उम्मीदवार सिद्ध होने वाली है। हालांकि नाम ना छापने की शर्त पर जानकारों ने बतलाया है कि यह महिला खत्री, राजपूत, ब्राह्मण, महाजन,सिक्ख, अनुसूचित जाति से भी संवन्धित होकर चुनावों में कूद सकती हैं।
बरहाल सभी अपने अपने कयास लगाए जा रहे हैं। आगामी दिनों में सारी स्थितियां स्वत:ही स्पष्ट होने वाली है किन्तु इस बार मंडी सदर विधानसभा सीट से महिला उम्मीदवार जबरदस्त टक्कर देने वाली है इससे कदापि इन्कार नहीं किया जा सकता है।
* राजीव शर्मन*