गर्भगृह से निकली शूलिनी माता
शोभायात्रा के साथ शुरू हुआ राज्यस्तरीय शूलिनी मेला
देवभूमि न्यूज डेस्क
यशपाल कपूर
सोलन
सोलन शहर की अधिष्ठात्री देवी मां शूलिनी शुक्रवार को अपनी बड़ी बहन मां दुर्गा से मिलने के लिए अपने गर्भगृह से निकलने के साथ ही। राज्यस्तरीय शूलिनी मेला शुरू हो गया। इस मौके पर भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। मां शूलिनी पालकी में सवार होकर दोपहर करीब 2 बजे मंदिर से निकली। शोभायात्रा चौक बाजार, अपर बाजार होते हुए पुराना बस स्टैंड पर पहुंची। इसके बाद मालरोड़ पर शोभायात्रा जाएगी और देर शाम मां शूलिनी अपनी बहन से मिलने के लिए गंज बाजार स्थित मंदिर में पहुंचेगी।
यहां पर रविवार तक रुकने के बाद मां शूलिनी को पारंपरिक तरीके से वापस उनके मंदिर तक पहुंचाया जाएगा। इस दौरान पारंपरिक वाद्य यंत्रों और ढोल नगाड़ों के साथ मां की पालकी निकली।
कोरोना काल के लंबे समय के बाद राज्य स्तरीय मां शूलिनी मेले का आयोजन हो रहा है। मेले के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। मालरोड पर बनी ठोडा कलाकृतियों पर भी हेलोजन लाइट लगाई गई हैं।
मंदिर के आसपास फूल मालाएं से सजाई गई हैं। मंदिर की दिव्यता और भव्यता देखते ही बनती है। मंदिर से निकलने के बाद पुरानी कचहरी के समीप माता का स्वागत किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल पालकी का स्वागत किया। इस मौके पर उनके साथ हिमाचल प्रदेश खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरूषोतम गुलेरिया समेत जिला प्रशासन के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसके बाद बघाट बैंक चौक के पास माता पर पुष्प वर्षा की गई। यहां पर माता के दर्शन के लिए हजारों की संख्या में लोग खड़े थे। पहला पड़ाव पुराने बस स्टैंड के समीप रखा गया है। इसके बाद यहां से माता मालरोड, पुराने उपायुक्त चौक होते हुए वापस गंज बाजार की ओर जाएंगी और रात करीब 11.00 बजे गंज बाजार स्थित बहन के पास पहुंचेगी।
शोभायात्रा का दायित्व शूलिनी माता ट्रस्ट को
मां शूलिनी की शोभायात्रा का दायित्व शूलिनी माता मंदिर ट्रस्ट को सौंपा गया है। शोभायात्रा को भव्य, सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए आकर्षक झांकियां निकाली गई। इसमेें गणेश, कृष्ण, शिव और मां काली के तीन रूप, अघोरी तांडव, हनुमान, भगवान राम और अन्य झांकियां प्रमुख रही। पहाड़ी वाद्य यंत्र, बैंड बाजा, सपेरा बीन के अतिरिक्त विशेष टोली शोभायात्रा का गौरव को बढ़ाएंगे।
सोशल मीडिया पर होगा लाइव प्रसारण
देश-विदेश में बैठे लोग भी इस बार मेले का आनंद उठा सकेंगे। डीसी सोलन कृतिका कुल्हारी ने नई पहल की है। उन्होंने कहा कि मां शूलिनी मेले को लोग देख सकें। इसके लिए जिला प्रशासन ने लाइव प्रसारण का विशेष प्रबंध किया है। इसका सीधा जिला प्रशासन सोलन के फेसबुक पेज पर किया जाएगा। डीसी ने कहा कि मां शूलिनी मेले का फेसबुक पेज पर पहली बार लाइव प्रसारण किया जा रहा है। मेले के चलते मालरोड पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। डीएसपी रमेश शर्मा ने कहा कि मेले के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। भीड़ अधिक होने के कारण लोग खुद भी सर्तक रहें और शांतिपूर्वक माता के दर्शन करें।
सोलन में भंडारे ही भंडारे
शूलिनी मेले के पहले दिन सोलन शहर का शायद ही कोई ऐसा कोना हो जहां भंडारे का आयोजन न किया हो। शहर में हर तरफ भंडारे लगे हैं। यह विश्व में अपनी तरह का अनूठा मेला है, जहां लाखों लोगों के लिए तीन दिन तक खाने-पीने, चाय,ठंडा, आइसक्रीम, बिस्किट समेत सभी की व्यवस्था स्थानीय लोग करते हैं।
हंसराज रघुवंशी होंगे पहले दिन के मुख्य कलाकार
राज्यस्तरीय शूलिनी मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या में लोकप्रिय गायक हंसराज रघुवंशी मुख्य कलाकार होंगे। इसके अलावा दलीप सिरमौरी, इंडियन आइडल कलाकार अंकुश भारद्वाज समेत अन्य कलाकार लोगों का मनोरंजन करेंगे। पहली सांस्कृतिक संध्या में सांसद एवं प्रदेश अध्यक्ष भाजपा सुरेश कश्यप मुख्यातिथि होंगे।