सोलन के कुनिहार में संपन्न हुआ एनसीसी का 10 दिवसीय शिविर
देवभूमि न्यूज डेस्क
यशपाल कपूर
सोलन
एनसीसी की फस्र्ट बटालियन सोलन का वार्षिक प्रशिक्षण शिविर संपन्न हुआ। 10 दिवसीय इस वार्षिक शिविर में स्कूल, कॉलेज व यूनिवर्सिटी के 551 कैडेट्स ने हिस्सा लिया। वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में भारत की अनेकता में एकता की झलक देखने को मिली।
शिविर के समापन अवसर पर जवाहर नवोदय विद्यालय कुनिहार के प्रिंसिपल के.के. यादव और सूबेदार मेजर की पत्नी कुसुम गुलेरिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस मौके पर एनसीसी फस्र्ट बटालियन के ले. कर्नल विनोद कुमार, सूबेदार मेजर दिनेश गुलेरिया, नायब सूबेदार बलविंद्र सिंह, बीएचएम गीतानंद, सीएचएम मनोहर, पीआई स्टाफ और स्कूल, कॉलेज व यूनिवर्सिटी से आए एएनओ मौजूद रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम ने मोहा सबका मन
सीनियर सेकंडरी स्कूल डगशाई की एएनओ अंजना ठाकुर ने बताया कि दस दिवसीय प्रशिक्षिण शिविर के अंतिम दिन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इस में पहाड़ी नाटी, हरियाणवी व पंजाबी डांस, एकल नृत्य, एकल गीत ने सभी का मन मोहा। एनसीसी कैडेट्स ने एक के बाद एक दमदार प्रस्तुतियों से समा बांधा। हिमाचली संस्कृति से रूबरू करवाने के लिए एनसीसी कैडेट्स के लिए हिमाचली धाम का आयोजन किया गया। सूबेदार मेजर दिनेश गुलेरिया और बटालियन हवलदार मेजर गीतानंद ने पंगत में बैठकर खाना खाने और हाथ से खाना खाने के फायदे के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
समापन अवसर पर मुख्यातिथि ने फायरिंग, ड्रिल, और गतिविधियों में अव्वल रहे कैडेट्स को पुरस्कार बांटे।
इन्होंने भी किया कैडेट्स को जागरूक
एनसीसी के दस दिनी शिविर का शुभारंभ एनसीसी फस्र्ट बटालियन सोलन के सीओ विक्रम पनाग ने किया था। शिविर के दौरान कैडेट्स को फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने डेमो के माध्यम से बताया कि आग लगने या आपदा के समय हमारी क्या भूमिका रहती है और जोखिम को कैसे कम किया जा सकता है। आईएफएस अधिकारी विक्रम ने छात्रों को वनो और इसके संरक्षण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मेजर नीलू खन्ना ने किशोरावस्था और महिला शक्तिकरण के बारे में जानकारी दी। डॉ. दीपिका ने कैडेट्स को हैल्थ और हाइजिन के बारे में बताया कि हम कैसे स्वच्छता अपनाकर कई बीमारियों से बच सकते हैं।