सिरमौर में महिलाओं का कौशल उन्नयन और क्षमता निर्माण कर 150 महिला उद्यमी तैयार करने का लक्ष्य- आर के गौतम

Share this post

सिरमौर में महिलाओं का कौशल उन्नयन और क्षमता निर्माण कर 150 महिला उद्यमी तैयार करने का लक्ष्य- आर के गौतम

देवभूमि न्यूज डेस्क
सिरमौर/नाहन

हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम और राष्ट्रीय उद्यमिता और लघु व्यवसाय विकास संस्थान द्वारा जिला सिरमौर में महिला उद्यमिता विकास कार्यक्रम का शुभारंभ गत दिवस राजगढ़ विकासखंड के कोट डांगर में किया गया। यह जानकारी उपायुक्त सिरमौर रामकुमार गौतम ने दी। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत जिला सिरमौर में महिला स्वयं सहायता समूह के सदस्यों के कौशल उन्नयन और क्षमता निर्माण कर 150 महिला उद्यमी तैयार किए जाएंगे। जबकि पूरे प्रदेश में 1000 महिला उद्यमी स्थापित करने का लक्ष्य सरकार द्वारा रखा गया है। जिसके अर्न्तगत राजगढ़ विकासखंड 25 महिलाएं पंजीकृत हुई है।

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से महिला सशक्तिकरण लक्ष्य प्राप्त करने की पहल की है। कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी में वृद्धि हमारी अर्थव्यवस्था को और बढ़ावा दे सकती है। महिलाओं में बाजार के अनुकूल कौशल विकसित करने और उद्यमिता के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर जोर देना आवश्यक है।

जिला समन्वयक मोनिका ठाकुर ने बताया कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत जिला के सभी विकास खंडों में महिला उद्यमियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होने बताया कि हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम द्वारा जिला की ग्रामीण महिलाओं के लिए उद्यमिता विकास कार्यक्रम तैयार किया है, जिसका उद्देश्य महिला उद्यमियों के रास्ते में आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए ग्रामीण महिलाओं के बीच उद्यमशीलता मूल्यों, दृष्टिकोण और प्रेरणा को विकसित करना है। जिसके लिए जिला सिरमौर में पंजीकृत महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का कौशल उन्नयन और क्षमता निर्माण कर उन्हें उद्यमी बनाने का लक्ष्य रखा गया है।