देश में सबसे सस्ती बिजली हिमाचल में: ऊर्जा मंत्री सुख राम चौधरी
60 से अब 125 यूनिट बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगी फ्री
देवभूमि न्यूज डेस्क
यशपाल कपूर
सोलन
हिमाचल प्रदेश के ऊर्जा मंत्री चौधरी सुखराम ने कहा कि देश में सबसे सस्ती बिजली हिमाचल में उपभोक्ताओं को मिल रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 125 यूनिट बिजली उपभोक्ताओं के लिए फ्री की गई है। साथ ही किसानों के ट्यूबवैल के लिए 30 पैसे प्रति यूनिट, एक्सपेंशन वाली औद्योगिक इकाइयों को 20 प्रतिशत प्रति यूनिट की दर से राहत दी जा रही है,

जो अपने आप में एक मिसाल है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली सरकार बनने के बाद बिजली उपभोक्ताओं के लिए कल्याणकारी कदम उठाए गए हैं। चौधरी सुखराम शनिवार सुबह यहां विद्युत विभाग के रेस्टहाउस में अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे।
अब 125 यूनिट बिजली फ्री मिलेगी प्रदेश में
ऊर्जा मंत्री चौधरी सुखराम ने कहा कि अब बिजली 60 के स्थान पर 125 यूनिट फ्री मिल रही है। इससे प्रदेश के 15 लाख उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इसी माह के बिल में 125 यूनिट बिजली फ्री की गई है। इससे अधिकतर उपभोक्ताओं के बिल जीरो आ रहे हैं।
बिना एनओसी वाले मकानों को भी मिलेंगे स्थाई कनेक्शन
चौधरी सुखराम ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में नगर निगम, नगर परिषद, नगर पंचायत व निजी भूमि पर बने मकानों को बिना एनओसी के पहले जहां टेंपरेरी (अस्थायी) कनेक्शन मिलते थे, वहीं अब विद्युत विभाग उन्हें स्थायी कनेक्शन देने का निर्णय लिया है। इससे प्रदेश के 40 हजार उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिलेगा।
ट्यूबवैल के लिए अब 30 पैसे यूनिट बिजली
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि ट्यूबवैल के लिए जहां पहले एक रुपए प्रति यूनिट बिजली मिल रही थी, वहीं वर्तमान जयराम सरकार ने इसकी दरों में 70 फीसदी की कमी की है। अब यह बिजली 30 पैसे प्रतियूनिट की दर से मिलेगी। किसानों के लिए फैसला लाभकारी होगा।
उद्योगों को भी मिलेगी सस्ती बिजली
चौधरी सुखराम ने कहा कि उद्योगों को सस्ती बिजली मिले, इसके लिए जो औद्योगिक इकाई को एक्सपेंशन करेगा, उसे सरकार 20 फीसदी सस्ती बिजली देगा। इससे जहां उद्योगों को फायदा होगा, वहीं उद्योगों में और अधिक रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
नए डिवीजन, सब डिवीजनव सर्कल के लिए नोटिफिकेशन जारी
चौधरी सुखराम ने कहा कि हिमाचल के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि 10 विद्युत डिवीजन, 13 विद्युत सब डिवीजन और एक सर्कल एक साथ खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि इसकी नोटिफिकेशन जारी कर दी गई है। इस दिशा में काम शुरू हो चुका है।