सिरमौर कल्याण मंच का प्रतिनिधि मंडल ऊर्जा मंत्री से मिला
देवभूमि न्यूज डेस्क
यशपाल कपूर
सोलन
सिरमौर कल्याण मंच का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को सोलन में ऊर्जा मंत्री चौधरी सुखराम से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने मंच की ओर से सोलन में बनाए जा रहे सिरमौर भवन के बारे में विस्तार से बातचीत की और भवन निर्माण में अतिरिक्त आर्थिक सहयोग के बारे में भी चर्चा की।मंत्री ने गौर से सारी बातों को सुना और आश्वासन दिया कि मंच को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। चौधरी सुखराम ने कहा कि सोलन में सिरमौर कल्याण मंच के भवन निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए हरसंभव आर्थिक मदद की जाएगी। इस मौके पर सिरमौर कल्याण मंच सोलन के प्रधान बलदेव चौहान, महासचिव डॉ. रामगोपाल शर्मा, रमेश शर्मा, अरूण भारद्वाज, यशपाल कपूर, दर्शन सिंह पुंडीर, अशोक टंडन अन्य मौजूद रहे।

चूड़धार में बदले जाएंगे लकड़ी के पोल
इस मौके पर चूड़ेश्वर सेवा समिति के वरिष्ठ सदस्यों ने चूड़धार को शिमला जिला के सराहां से जाने वाली विद्युत लाइन में लगे लकड़ी के पोल को बदलने की मांग की। सदस्यों का कहना था कि चूड़धार में अधिक बर्फबारी होने के कारण लकड़ी के पोल टूट जाते हैं और पर्यटन स्थल चूड़धार में कई-कई दिन के लिए बिजली गुल हो जाती है। इस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए मंत्री ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही चूड़धार को जाने वाली लाइन में लकड़ी के पोल बदल कर लोहे के पोल लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन पोल को शीघ्र बदला जाएगा। साथ ही चूड़धार में एक और वैकल्पिक ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। चौधरी ने कहा कि चूड़धार जैसे धार्मिक स्थल पर बिजली की परेशानी न हो।
